SZN मीडिया दौराला थाना क्षेत्र में रविवार रात दिल्ली-दून हाईवे (एनएच-58) पर कांवड़ मार्ग में अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 17 कांवड़िये घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल एक कांवड़िये को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पहला हादसा वलीदपुर कट के पास हुआ, जहां हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी सुभाष कटारिया को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
पेट्रोल पंप के सामने दंपती घायल
एचपी पेट्रोल पंप के सामने हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे दिल्ली के बुराड़ी निवासी राहुल शर्मा और उनकी पत्नी हादसे का शिकार हो गए। दोनों को उपचार के लिए दौराला सीएचसी में भर्ती कराया गया। इसके बाद रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार कांवड़िये राजकुमार की स्कूटी सवार कांवड़िया दंपती मोहित सिम्मी और कुसुम सिम्मी से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों घायल हुए।
कई जगह अज्ञात वाहनों ने मारी टक्कर
मटौर कट के पास सड़क पार कर रहे दिल्ली के रिठाला निवासी नीतीश और आदित्य को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। कनौड़ा गांव के सामने दिल्ली के टीला घोड़ा मंदिर निवासी देवेंद्र, दादरी गांव के सामने मेरठ के शिवशक्ति विहार निवासी प्रशांत और नंगली गेट के सामने गाजियाबाद के विजयनगर निवासी तेजवीर सिंह भी वाहनों की चपेट में आकर घायल हुए। मटौर कट के पास गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी शौरभ भी हादसे में घायल हो गए।
ढाबे और टोल के पास भी हादसे
वलीदपुर स्थित मामा यादव ढाबे के पास दिल्ली के शाहदरा निवासी बाइक सवार कांवड़िये प्रतीक तोमर और अभिषेक को वाहन ने टक्कर मार दी। वहीं, सिवाया टोल प्लाजा के पास सड़क पार कर रहे दिल्ली के वरसवा डेयरी निवासी अनिल को भी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस सीसीटीवी से करेगी वाहनों की पहचान
दौराला थाने के पास सड़क पार करते समय भावनपुर क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी अजय पुत्र रमेश भी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि ज्यादातर हादसे अज्ञात वाहनों की टक्कर से हुए हैं। पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वाहनों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

