सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में एक हत्या के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी प्रदीप पटेल की गिरफ्तारी न होने पर बुधवार 2 बजे पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
गोसैसिंहपुर निवासी हिमांशु अग्रहरि ने एसपी को पत्र सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि फरार आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस उसे गिरफ्तार करने में टालमटोल कर रही है।

शिकायत पत्र के अनुसार, 8 अक्टूबर 2024 को सुबह करीब 8:30 बजे गोसैसिंहपुर बाजार में पुरानी रंजिश के चलते हिमांशु के पिता की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में प्रदीप पटेल और उसके अन्य साथी शामिल थे।
इस मामले में दोस्तपुर थाने में दो मामले दर्ज किए गए थे और विवेचना के बाद कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। आरोपी प्रदीप पटेल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है।
हिमांशु अग्रहरि ने बताया कि हाल ही में 28 जुलाई 2026 को नामजद अभियुक्त प्रदीप पटेल और अर्जुन अपने निवास स्थान ग्राम खेमपुर, थाना मोतीगरपुर में गाड़ियों से आए थे। इसकी सूचना तत्काल दोस्तपुर पुलिस को दी गई थी।
पीड़ित का दावा है कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची भी, लेकिन आरोपियों ने अपने घर का मुख्य दरवाजा बंद कर लिया। दरवाजा न खोलने पर पुलिस टीम बिना कोई कड़ा कदम उठाए वापस लौट गई। हिमांशु अग्रहरि के अनुसार, इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है।
पीड़ित परिवार ने एक बार फिर न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी सुल्तानपुर से इनामी आरोपी प्रदीप पटेल को तत्काल गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी ने मामले को संज्ञान लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

