यूपी के मेरठ में एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और फ्लैट के अंदर बंद करने का आरोप लगा है। घटना का करीब 3 मिनट का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें युवक डिलीवरी बॉय को पहले कमरे के बाहर चांटे थप्पड़ मारते हुए दिखा फिर कमरे के अंदर ले जाते हुए दिख रहा है। डिलीवरी बॉय को पहले कमरे के बाहर पीटा इसके बाद अंदर ले जाकर कुछ देर बाद छोड़ा गया। पीड़ित ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत की है।
घटना भावनपुर थाना क्षेत्र के गंगानगर स्थित गंगा हाइट्स की बताई जा रही है। जहां खाना डिलीवर करने पहुंचे डिलीवरी बॉय को ऊपर खाना पहुंचाने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने घर के पास बुलाकर पीट दिया। आरोप है कि इसके बाद युवक को कमरे के अंदर बंद कर पीटा। इसका वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित ने भावनपुर थाने में पुलिस से शिकायत की है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
खाना ऊपर पहुंचाने को लेकर कहासुनी
बताया गया कि डिलीवरी बॉय गंगा हाइट्स में फूड डिलीवरी देने पहुंचा था। इसी दौरान खाना ऊपर पहुंचाने को लेकर ग्राहक और डिलीवरी बॉय के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद फोन पर डिलीवरी बॉय के साथ गाली गलौज की और मारपीट कर दी। सीसीटीवी फुटेज में भी युवक पीड़ित को धमकाते हुए नजर आ रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में युवक डिलीवरी बॉय को ये कहते हुए सुनाई दे रहा है कि तमीज नहीं है बात करने की। इसके बाद युवक डिलीवरी बॉय से फोन ले लेता है। फिर कमरे के अंदर ले कर जाता है। इसके बाद युवक को करीब 3 मिनट तक कमरे के अंदर बंद रखा गया। इस बीच भी युवक कमरे के अंदर डिलीवरी बॉय को धमकाते हुए सुनाई दे रहा है। कुछ देर बाद डिलीवरी बॉय कमरे से बाहर आता हुआ नजर आता है। युवक जाते जाते भी डिलीवरी बॉय को धमकाते हुए डिलीवरी सामान मांगता है। ये पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। अब मामला पुलिस के पास पहुंचा है।

