how to upload news
News Portal Development Services in Uttar Pradesh

translate

Home » मेरठ » मेरठ में डिलीवरी ब्वाय को बंधक बनाकर पीटा:पार्सल लेकर बिना पेमेंट किए भगा दिया, विरोध पर महिला सहित 10-12 युवकों ने घेरा

मेरठ में डिलीवरी ब्वाय को बंधक बनाकर पीटा:पार्सल लेकर बिना पेमेंट किए भगा दिया, विरोध पर महिला सहित 10-12 युवकों ने घेरा

मेरठ में बुधवार रात एक डिलीवरी ब्वाय के साथ मारपीट की गई। ब्लिंकिट का डिलीवरी ब्वाय पार्सल लेकर पहुंचा था। आरोप है कि पार्सल लेने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और भुगतान किए बिना ही उसे भगा दिया गया।

इसके बाद डिलीवरी ब्वाय ने अपने 2 साथियों को बुलाया और पेमेंट करने के लिए कहा। इस पर महिला समेत 10-12 युवकों ने तीनों को पकड़ लिया और खींचकर एक कमरे में ले गए। वहां उन्हें बंद कर जमकर पीटा गया। इसके बाद तीनों को वहां से भगा दिया गया।

घटना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के ईरा गार्डन की है। मारपीट के बाद तीनों किसी तरह वहां से निकलकर माधवपुरम चौकी पहुंचे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ब्लिंकिट के अन्य डिलीवरी ब्वाय भी चौकी पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक वहां डेरा डाले रखा।

पुलिस ने ईरा गार्डन में दबिश भी दी, लेकिन आरोपी नहीं मिले। पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

रास्ता खराब होने पर ऑर्डर कैंसल करने को कहा

माधवपुरम सेक्टर-3 निवासी दीपक ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी ब्वाय है। उसने बताया कि बुधवार रात ड्यूटी के दौरान उसके पास ईरा गार्डन का पार्सल आया था। यह पार्सल ईरा गार्डन निवासी सेजल मेवाती के नाम था।

दीपक के मुताबिक, ईरा गार्डन जाने वाला रास्ता बेहद खराब था। उसने पार्सल पर दिए मोबाइल नंबर पर कॉल कर ग्राहक को रास्ते की स्थिति बताई और ऑर्डर कैंसल करने को कहा। आरोप है कि कैंसिलेशन की बात सुनकर फोन पर उसके साथ अभद्रता की गई।

इसके बाद दीपक ने अपने सीनियर से संपर्क कर रास्ते की स्थिति बताई और डिलीवरी कैंसल करने की बात कही। उसके मुताबिक, सीनियर ने डिलीवरी जरूरी बताते हुए किसी भी हालत में पार्सल पहुंचाने के लिए कहा।

दूसरी मंजिल पर बुलाकर मारपीट की

दीपक के मुताबिक, सीनियर के कहने पर वह किसी तरह ईरा गार्डन पहुंचा। इसके बाद फ्लैट की दूसरी मंजिल पर गया और ग्राहक को दोबारा फोन किया। महिला ने मुझे ऊपर आकर पार्सल देने के लिए कहा। जैसे ही मैं ऊपर पहुंचा, मेरे साथ अभद्रता शुरू कर दी गई। गाली-गलौज के बाद मारपीट की गई।

इसी दौरान वहां 10 से 12 युवक पहुंच गए। सभी ने उसे घेर लिया और मारपीट की। इसके बाद पार्सल ले लिया गया। वहां से निकलने के बाद उसने अपने साथी समर को घटना की जानकारी दी। इसके बाद समर एक अन्य डिलीवरी ब्वाय को लेकर वहां पहुंचा।

युवकों ने समर को भी पकड़ लिया और उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद तीनों को अंदर खींचकर ले जाया गया। तीनों के साथ मारपीट करने के बाद हमें वहां से भगा दिया गया। किसी तरह वहां से निकलकर हम सीधे माधवपुरम चौकी पहुंचे।

चौकी पर 3 घंटे तक डटे रहे डिलीवरी ब्वाय

घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य डिलीवरी ब्वाय भी माधवपुरम चौकी पहुंच गए। दीपक के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान मारपीट की घटना को लेकर साथियों में नाराजगी थी। डिलीवरी ब्वाय ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और करीब तीन घंटे तक चौकी पर डटे रहे।

पुलिस ने दो टीमें भेजकर की तलाश

सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश कांबोज चौकी पहुंचे। उन्होंने दीपक और उसके साथी समर से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस की दो टीमें ईरा गार्डन भेजी गईं। पुलिस ने वहां संबंधित युवकों की तलाश की, लेकिन वे पहले ही वहां से जा चुके थे। आसपास भी तलाश की गई, लेकिन कोई नहीं मिला।

एसपी सिटी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

मामले की जानकारी एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले तक पहुंची। उन्होंने थाना प्रभारी राजेश कांबोज को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दीपक ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी तलाश कर रही है।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया- पीड़ित डिलीवरी ब्वाय की ओर से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Share this post:

Follow us on

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x