मेरठ में 22 साल के युवक नितिन नागर की हत्या के बाद जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार सुबह शव जैसे ही घर पहुंचा, इकलौते बेटे को देख पिता की तबीयत बिगड़ गई। पत्नी रो-रोकर बेसुध हो गई। सुबह 7 बजे से परिजनों के साथ 500 लोगों ने हस्तिनापुर के गणेशपुर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों के घर पर बुलडोजर नहीं चलता या उनका एनकाउंटर नहीं होता, वे यहां से नहीं हटेंगे। लोगों के न मानने पर प्रशासन की टीम एक हत्यारोपी सत्य उर्फ मिट्ठू के घर बुलडोजर लेकर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। बुलडोजर से घर के आगे की रेलिंग तोड़ दी गई।
एसपी देहात अभिजीत कुमार समेत 5 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही। सूचना पर हस्तिनापुर विधायक और राज्यमंत्री दिनेश खटीक भी पहुंचे। उन्होंने हाथ जोड़कर परिजनों को समझाया। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब 8 घंटे चले हंगामे के बाद घरवालों ने बेटे नितिन का अंतिम संस्कार किया।
नितिन बहसूमा थाना क्षेत्र के माननगर गांव का रहने वाला था। 4 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। शुक्रवार को हस्तिनापुर थाने से 200 मीटर दूर दो बाइक से आए 6 हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी थी। नितिन दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह लिखित परीक्षा पास कर चुका था। 3 अक्टूबर को उसका फिजिकल टेस्ट होना था।

करीब 8 घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस-प्रशासन और राज्यमंत्री के समझाने पर परिवार के लोगों ने जाम खोला। इसके बाद गांव में ही नितिन के शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान नितिन के ताऊ रामपाल के बेटे सौरभ ने मुखाग्नि दी।
हत्यारोपी के घर पर बुलडोजर एक्शन के बाद भी जब पीड़ित परवार के लोग धरने से नहीं उठे तो एसपी देहात ने उन्हें समझाया। कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। हम जल्द से जल्द आरोपियों को अरेस्ट करेंगे। थोड़ा समय दीजिए। जब आप लोग प्रदर्शन बंद करेंगे और हमारी बात सुनेंगे तभी पुलिस भी अपना काम कर पाएगी।
ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल ने कहा- ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जो नजीर बने। बुलडोजर एक्शन हुआ है, लेकिन संतोषजनक नहीं है। हम इससे संतुष्ट नहीं हैं।आरोपी का मकान 150 गज से अधिक में बना है। पूरे मकान को ढहाना चाहिए था, लेकिन एक बुलडोजर मंगाकर सिर्फ रेलिंग तोड़ी गई है।
पुलिस कह रही थी कि हम एक्शन लेंगे, लेकिन जरा सा बुलडोजर चलाकर केवल रेलिंग तोड़कर खानापूर्ति की गई। हमें उम्मीद थी कि इस कार्रवाई से पुलिस एक नजीर कायम करेगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
बुलडोजर से आरोपी के घर की सिर्फ रेलिंग तोड़ी गई
- बुलडोजर से सिर्फ आरोपी के घर की छत की रेलिंग तोड़ी गई। इसके बाद कार्रवाई रोक दी गई। ग्रामीण और नितिन के परिजन इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं।
- उन्होंने कहा- ये कैसा बुलडोजर एक्शन है। आरोपी का घर ढहना चाहिए था, लेकिन सिर्फ रेलिंग का एक छोटा सा हिस्सा तोड़ा गया।
- आरोपी सत्य उर्फ मिट्टू का यह घर 150 गज से ज्यादा जमीन पर बना है। सत्य के पिता विजय वर्दन उर्फ पिंकी चौधरी शिक्षा विभाग में क्लर्क हैं। उनकी पोस्टिंग मेरठ में जेडी एजुकेशन के ऑफिस में है। वारदात के बाद से पूरा परिवार फरार है।
इलाका छावनी में तब्दील, 500 पुलिसवाले तैनात
- हस्तिनापुर के गणेशपुर में जहां मृतक नितिन के परिजनों ने जाम लगाया, वहां से लेकर आरोपी के घर तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
- करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात हैं। इलाका छावनी में तब्दील हो गया है। एसपी देहात अभिजीत और सीओ मवाना पंकज लवानिया मौके पर हैं।
दोस्त प्रिंस की लड़ाई में मारा गया नितिन, मिट्ठू मुख्य आरोपी

नितिन के दोस्त हस्तिनापुर के रहने वाले प्रिंस उर्फ मुकद्दम का 2 दिन पहले अपने पड़ोसी मिट्ठू से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में समझौता हो गया था। इसके बाद भी हत्यारों ने घेरकर फायरिंग कर दी। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है। आरोपी मिट्ठू के पिता शिक्षा विभाग में क्लर्क बताए जा रहे हैं।
मेरठ में आरोपी सत्य उर्फ मिट्ठू के घर पर बुलडोजर चलाने के लिए हस्तिनापुर थाने से बुलडोजर मौके पर पहुंचा। जब वहां मकान पर बुलडोजर एक्शन की तैयारी होने लगी तो ग्रामीणों ने कहा कि मकान के अंदर एक गाय है। घर में बाहर से ताला लगा है और गाय घर के अंदर है, ऐसे में ग्रामीणों ने खुद ही मकान के गेट पर लगे ताले को पत्थर से तोड़कर गेट खुलवाकर उसके बाद गाय को बाहर निकाला। इसके बाद बुलडोजर एक्शन शुरू हुआ।
राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने हाथ जोड़कर कहा- कार्रवाई होगी
राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने हाथ जोड़कर लोगों से कहा कि कृप्या शांत हो जाएं। दरअसल यहां सुबह से ही नितिन नागर के परिजन डेडबॉडी रखकर हंगामा, प्रदर्शन कर रहे थे। वो लगातार आरोपी सत्य उर्फ मिट्ठू के यहां बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे, हंगामे के कारण मौके पर भारी पुलिस बल भी पहुंचा।
परिवार धरने पर बैठा, आरोपी के घर पर बुलडोजर एक्शन शुरू
मामले में आरोपी विवेक वर्धन उर्फ पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर पहुंचा है। सुबह से ही मृतक नितिन के घरवालों ने शव रखकर सड़क पर जाम लगा दिया था। इसके बाद मौके पर राज्यमंत्री दिनेश खटीक, एसपी देहात अभिजीत कुमार दोनों पहुंचे। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर एक्शन की मांग की। पिंकी चौधरी के बड़े बेटे सत्य उर्फ मिठ्ठू पर ही गोली चलाकर हतया करने का आरोप है। इसलिए मृतक नितिन के परिजनों की मांग पर पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।

