REPORT BY: ARUN MISHRA
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में बेसमेंट खुदाई के कार्य में लगे एक डंपर चालक से अवैध वसूली (हफ्ता) मांगने और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में 3 नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता मोहित तोमर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें जिलाधिकारी मेरठ से बेसमेंट खुदाई की अनुमति प्राप्त है। आरोप है कि 14 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे उनका खाली डंपर (UP-15 ET-1443) गोकलपुर से बेगमपुल स्थित साइट की ओर जा रहा था। इसी दौरान गोकलपुर से मोहित, वंश और फैजल नामक तीन व्यक्तियों ने डम्पर का पीछा किया और तेजगढ़ी के पास उसे रुकवा लिया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौज की और काम जारी रखने के एवज में हफ्ता देने की मांग की। विरोध करने पर डम्पर की वीडियो वायरल करने और वाहन सीज कराने की धमकी भी दी गई। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार की अवैध वसूली की मांग पहले भी कई बार की जा चुकी है।
इस मामले में चौकी प्रभारी हसनपुर कदीम संदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

