अखंडनगर। 10 लाख रुपये की लूट की झूठी सूचना देकर एक व्यक्ति ने शुक्रवार को कई घंटों तक पुलिस को छकाया। खेत की बिक्री के लिए मिले कमीशन की रकम अन्य हिस्सेदारों को न देनी पड़े, इसके लिए उसने असलहे के बल पर लूट की कहानी रची। पुलिस की पूछताछ में आरोपी टूट गया और रुपये सुरक्षित स्थान पर रखने की बात स्वीकार कर ली।
प्राणनाथपुर बछेड़िया गांव निवासी त्रिवेणी तिवारी ने शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना दी। बताया कि वह बाइक से 10 लाख रुपये अखंडनगर स्थित बैंक में जमा करने जा रहा था। जहीरुद्दीनपुर गांव के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर रुपये से भरा झोला लूट लिया। पुलिस पहुंची और घंटों तक जहीरुद्दीनपुर व आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की। घटना से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला।
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि उन्हें इतनी बड़ी रकम या बैंक में जमा करने की जानकारी नहीं थी। तब पुलिस का संदेह गहरा गया।
सख्ती की तो हुआ खुलासा
पुलिस की सख्ती पर त्रिवेणी तिवारी ने सच्चाई कुबूल कर ली। बताया कि उसे चार बीघे खेत की बिक्री का 10 लाख रुपये कमीशन मिला था। उसमें अन्य लोगों का भी हिस्सा था। हिस्सेदारी से बचने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाई। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है।

