REPORT BY: ARUN RALHI
मेरठ में पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की गर्दन पर टूटे हुए कांच से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। वह शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था, तभी पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया। यह घटना टीपीनगर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को इंचौली थाना क्षेत्र के बहचौला गांव निवासी चतरपाल सिंह ने टीपीनगर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन विमलेश की उसके पति सुरेश उर्फ टीटू ने हत्या कर दी है। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बृहस्पतिवार को टीपीनगर पुलिस ने वांछित आरोपी सुरेश उर्फ टीटू को फल मंडी के पीछे मोहकमपुर रोड, शिवपुरम से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पत्नी विमलेश से अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी कहासुनी के दौरान उसने पत्नी को धक्का दे दिया। इसी दौरान उसे टूटे हुए कांच का टुकड़ा मिला, जिससे उसने विमलेश की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह शव का अंतिम संस्कार कर घटना के साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने लगा।
टीपीनगर पुलिस ने आरोपी सुरेश उर्फ टीटू के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही कर रही है।

